शहर में बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम से निजात के लिए स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के पांच प्रमुखों स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। 1.60 करोड़ रुपये की लागत से इन्हें बनाया जाएगा। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। टेंडर आदि की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब इसके निर्माण की तैयारी है।
दस लाख से अधिक आबादी वाले इस शहर के अधिकांश स्थानों पर पार्किंग की समस्या है। जिसकी वजह से शहर के लगभग हर सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। शहर की सड़कों अथवा उसके किनारे बेतरतीब ढंग से वाहनों के खड़े रहने के कारण शहर की सूरत भी ठीक नहीं लगती है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों का मानना है कि शहर के विभिन्न स्थानों पर अगर पार्किंग की व्यवस्था हो जाती है तो शहर में रोज लगने वाले जाम से एक हद तक शहर के लोगों को निजात मिल जाएगी। अधिकारियों ने इसके लिए कंपनी बाग के पीछे सेंटमेरी स्कूल के पास, दिल्ली रोड स्थित पार्श्वनाथ प्लॉजा, पीलीकोठी चौराहा मार्केट के आगे, पीएमएस स्कूल के पास और रामगंगा विवाह स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के निकट का चयन कर लिया है। अधिकारियों का दावा है कि इन पार्किंगों में 270 चार पहिया तथा 169 दो पहिया वाहनों के खड़े किए जाने की व्यवस्था रहेगी। स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता एके मित्तल ने बताया कि इन स्थानों पर पार्किंग का निर्माण कार्य अप्रैल 2024 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बन जाने के बाद एक हद तक शहर में लगने वाला जाम कम हो जाएगा।