बृहस्पतिवार देर रात शुरू हुई बारिश का सिलसिला शुक्रवार की सुबह तक जारी रहा। इस बारिश ने नगर निगम के नाला सफाई अभियान की पोल खोल कर रख दी। नगर आयुक्त के निर्देश पर एक दिन पहले से ही 72 घंटे का विशेष नाला सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। 95 फीसदी नालों की सफाई की बात को बारिश ने गलत साबित कर दिया। शहर की ऑफिसर्स कॉलोनी तक की सड़क पर डेढ़ फीट तक पानी भरने से सड़क ताल तलैया बन गईं। शहर की पॉश कॉलोनियों में शुमार देव विहार, दीनदयाल नगर, नवीन नगर, आशियाना, जिगर कॉलोनी, बुद्धि विहार समेत कई कॉलोनियों की सड़कों पर पानी भरा रहा।
शहर के निचले स्थानों पर बसी कॉलोनी रामतलैया, ढक्का, जयंतीपुर, भोलानाथ, महाशिव कॉलोनी, लाइनपार, पैपटपुरा, विकास नगर लाइनपार, कुंदनपुर, करूला आदि का हाल और भी बुरा रहा। इन कॉलोनियों की सड़कों पर बारिश बंद होने के कई घंटे बाद तक भी पानी सड़क से नहीं उतर सका। मुख्य मार्गों में दिल्ली रोड पर फव्वारा चौक, स्टेशन रोड, ढक्का की पुलिया, बुद्धि विहार सेंट मीरा स्कूल मार्ग आदि पर निकास अभाव में बारिश का पानी सड़कों पर आ गया।
इन स्थानों पर धंसी सड़क
शहर में सीवर लाइन के काम के लिए खोदाई के बाद बराबर कर छोड़ी गई सड़क भी बारिश के कारण कई स्थानों पर धंस गई। दीनदयाल नगर प्रथम में गोपाल चाट वाले के पीछे दो स्थानों पर सड़क धंस गई। इसके अलावा जैन मंदिर के पास, कांठ रोड पर किला, हरथला और राजकीय पॉलिटेक्निक के पास सड़क धंस जाने से गड्ढे हो गए।
यहां पार्क बने तालाब
आवास विकास परिषद की सेक्टर-9ए कॉलोनी के फ्लैटों के सामने निकास अभाव में पानी खाली पड़े पार्क में भर कर तालाब जैसा रूप ले लिया। जिगर कॉलोनी, ढक्का, दीन दयाल नगर कॉलोनी, कांशीराम कॉलोनी स्थित पार्क जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो गए। इन पार्कों में भरा पानी शाम तक उतर नहीं सका था।
पॉश कॉलोनी देव विहार के कई घरों में भरा पानी, मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन
शहर के मोहल्ला देव विहार कॉलोनी के लोगों की आशंका सही साबित हुई। कॉलोनी के लोग नगर निगम समेत प्रशासनिक अधिकारियों से बारिश के समय निकास अभाव के चलते पानी घर में घुसने की आशंका पहले ही जता चुके हैं। नगर निगम ने इस पर एक स्थान पर अतिक्रमण हटाकर नाले की सफाई भी कराई थी। दावा किया था कि इससे कॉलोनी के लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिल जाए, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
बारिश के कारण यहां सड़क के अलावा कॉलोनी निवासी वीरेंद्र मिश्रा, राम खन्ना, भूपेश रेहानी, एसके रस्तोगी आदि के घरों के अंदर भी बारिश का पानी पहुंच गया। कॉलोनी के लोगों ने विजय मदान की अगुवाई में मंडलायुक्त कार्यालय पहुंच कर वहां ज्ञापन दिया। इस मौके पर प्रभा शर्मा, वीरेंद्र मिश्रा, प्रशांत कुमार आदि मौजूद रहे। इसके अलावा रामतलैया कॉलोनी स्थित देशराज शर्मा एडवोकेट समेत कई लोगों के घरों में बारिश का पानी निकास अभाव में घर में पहुंच गया। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।
जल निकास में बाधा बने अतिक्रमण को किया जेसीबी से ध्वस्त
नाले से अतिक्रमण हटाने को लेकर शुक्रवार भूड़े के चौराहे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अपर नगर आयुक्त अजीत सिंह की अगुवाई में चलाए गए इस अभियान के दौरान जल निकासी में अवरोध बने 50 मीटर तक नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद वहां नाले की जल निकासी सुचारु कराई गई। इस मौके पर प्रवर्तन टीम भी मौजूद रही।
बुध बाजार की स्मार्ट रोड भी एक भरा रहा पानी
स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के बुध बाजार की सड़क को भी स्मार्ट बनाया गया है। यहां जल निकास के लिए नालों का भी निर्माण किया गया है। बारिश समाप्त होने पर यहां भी सुबह करीब एक घंटे तक सड़क पर चल भराव की स्थिति रही। लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई।