मुद्दा रेलमंत्री तक पहुंचने के बाद कपूर कंपनी पुल के निर्माण की तैयारियों में तेजी आई है। रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ने नए पुल का एलाइनमेंट, नक्शा व सर्वे पूरा कर लिया है। यह नक्शा स्वीकृत होने के लिए रेलवे के दिल्ली मुख्यालय भेज दिया गया है। इंजीनियरिंग टीम ने पाया कि पुल निर्माण के लिए छह दुकानों व एक रेलवे आवास को ध्वस्त करना होगा।
इसमें तीन दुकानें लाइनपार व तीन शहर की ओर हैं। सभी दुकानदारों को इस संबंध में मौखिक सूचना दे दी गई है। 16 फरवरी को नए पुल का टेंडर खुलना है। इसके बाद निजी फर्म को पुल की नींव बनाने व वर्कशॉप में तैयार हो रहे पुल को स्थापित करने का काम सौंप दिया जाएगा। इस टेंडर में एक करोड़ 80 लाख की राशि तय की गई है। इसके अलावा लखनऊ ब्रिज वर्कशॉप के लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। रविवार को रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ने नए पुल के स्थान पर घंटों मशक्कत कर नक्शा तैयार किया। एसएसई दिनेश कुमार व जेई बलजीत सिंह के अलावा इंजीनियरिंग विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि नया पुल बनाने के लिए पुराने पुल के तीन स्पैन तोड़ने पड़ सकते हैं। इनके स्थान पर नए पुल के दो स्पैन तैयार कर दिए जाएंगे। टेंडर खुलने व मुख्यालय से नक्शा पास होने के बाद निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। छह माह में नया पुल बनकर तैयार हो जाएगा। तब तक पुराना पुल पैदल व साइकिल सवारों के लिए खुला रहेगा। नया पुल बनने के बाद पुराने को ध्वस्त कर दिया जाएगा।