मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण के मामले शहर में फिर बढ़ रहे हैं। बुधवार को उपायुक्त उद्योग और उनके परिवार के तीन सदस्यों समेत छह व्यक्ति कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार संक्रमित व्यक्तियों को उनके घर पर ही दवाई उपलब्ध करवाई गई है।
टीडीआई सिटी निवासी और मुरादाबाद के उपायुक्त उद्योग अनुज कुमार का स्थानांतरण आगरा हो गया है। उन्होंने बताया कि वह सोमवार को आगरा गए थे। उनकी पत्नी को दो-तीन दिन से गले में दर्द की शिकायत थी। आगरा जाकर उन्हें व दोनों बेटियों को भी यही परेशानी होने लगी तो वह मंगलवार को मुरादाबाद लौट आए। उन्होंने एहतियात बरतते हुए सोमवार को एंटीजन जांच करवाई तो सभी लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि बहुत से लोग जांच करवाने से बच रहे हैं, जबकि संक्रमण को हल्के में नहीं लेना चाहिए। अपनी और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए जांच अवश्य करवानी चाहिए। अनुज कुमार के मुताबिक उन्होंने दवा ले ली है और सात दिन के लिए अपने परिवार सहित होम आइसोलेट हो गए हैं।
इसके अलावा जिगर कालोनी निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत खराब थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संदेह की स्थिति होने पर उनकी एंटीजन जांच की। उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा रामगंगा विहार निवासी 28 वर्षी युवक भी काम के सिलसिले में बाहर गया था। तबीयत खराब होने पर उसने जांच करवाई तो वह भी संक्रमित निकला। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग का कहना है कि शहरवासियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। इसके अलावा जो व्यक्ति टीकाकरण करवाने से छूट गए हैं या एहतियात खुराक का समय हो गया है, उन्हें टीकाकरण अवश्य करा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या 22 हो गई है।