बिलारी। क्षेत्र के सहसपुर गांव में हाईवे स्थित स्योंडारा मोड़ के सामने शुक्रवार सुबह सात बजे ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार छह यात्री घायल हो गए।
बदायूं जिले के कस्बा बजीरगंज निवासी धर्मवीर सिंह, धर्मवीर की पत्नी अंशु सिंह, धर्मवीर के रिश्तेदार यीशू सिंह, संभल जिले के कस्बा बहजोई निवासी दो सगे भाई सिमरन और आसिफ तथा एटा कस्बे के लक्ष्मण रोड निवासी राजेश की पुत्री शारदा शुक्रवार सुबह तड़के पंजाब से आकर ट्रेन से मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरे। यहां से सभी छह लोगों ने बहजोई तक जाने के लिए ऑटो बुक किया। ऑटो जैसे ही बिलारी से दो किमी आगे सहसपुर गांव में पहुंचा तभी हाईवे स्थित स्योंडारा मोड के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से ऑटो में सवार सभी छह यात्री घायल हो गए। 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिलारी लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार देकर दोपहर बाद सभी को घर भेज दिया गया।