डिडौली। हाईटेंशन लाइन के ढाई सौ मीटर तार चोरी करने वाले गिरोह के सात आरोपियों को डिडौली पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। डिडौली और पाकबड़ा के आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि अम्हेड़ा गांव निवासी तालिब के यहां हाईटेंशन लाइन खींची जा रही थी। चार खंभों की लाइन तैयार कर दी गई, लेकिन चार सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने करीब ढाई सौ मीटर बिजली का तार चोरी कर लिया। मामले में चौधरपुर बिजलीघर के जेई यासिर अराफात की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया गया था। इसके बाद डिडौली पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम पाकबड़ा के मोहल्ला ईदगाह निवासी आकिल, बुध बाजार निवासी तौफीक, मोहल्ला बड़ा मंदिर निवासी सिद्धार्थ दिवाकर, मोहल्ला आजाद नगर निवासी जाने आलम व इस्तेकार, नई बस्ती निवासी अहमद और डिडौली के कालाखेड़ा निवासी मुफीज बताया। आरोपियों के कब्जे से बिजली के तार के तीन बंडल, टाटा मैजिक, टेंपो और जेसीबी मशीन बरामद हुई है। सीओ के मुताबिक सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। संवाद