मुरादाबाद। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से अंतिम वर्ष की शेष परीक्षाओं के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण काल की वजह से विश्वविद्यालय इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब व्यक्तिगत और संस्थागत विद्यार्थी अलग-अलग पालियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा नियंत्रक विश्वविद्यालय का कहना है कि परीक्षाओं में कोविड 19 के दिशा-निर्देशों का पालन कराना प्राथमिकता है। विश्वविद्यालय की ओर से 27 अगस्त से परीक्षा प्रस्तावित हैं। तीन पालियों में होने वाली परीक्षा अब तीन के बजाय दो घंटे की कर दी गई हैं। पहली पाली सुबह सात से नौ, दूसरी पाली दोपहर 11 बजे से एक और तीसरी पाली दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक आयोजित होगी। परास्नातक की परीक्षाएं 12 दिन में सात सिंतबर तक कराई जाएंगी, जबकि स्नातक की परीक्षाएं 34 दिन में 29 सितंबर तक होंगी। परीक्षा नियंत्रक एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय संजीव सिंह का कहना है कि स्नातक अंतिम वर्ष के जिन विषयों में अधिक विद्यार्थी हैं, उनमें व्यक्तिगत और संस्थागत की अलग-अलग परीक्षा होंगी। व्यक्तिगत विद्यार्थियों की दोपहर की पाली में, जबकि संस्थागत विद्यार्थियों की शाम की पाली में परीक्षा होगी। प्रश्र पत्र केंद्रों पर पहले ही पहुंच चुके हैं। अब अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उसमें दीर्घ उत्तरीय, लघु उत्तरीय के प्रश्न हल करने में कटौती की जाएगी, जबकि बहुविकल्पीय पूरे करने होंगे। कंटेनमेंट जोन वाले जो केंद्र हैं, उनमें भी परीक्षा कराई जाएगी। प्रत्येक पाली के बाद केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा कक्षों में सैनिटाइजर करवाना होगा। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही विद्यार्थियों को केंद्र पर प्रवेश मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए नए प्रवेश पत्र अगले सप्ताह तक जारी कर दिए जाएंगे, क्योंकि परीक्षा की तारीखों में बदलाव होने से प्रवेश पत्र में बदलाव आवश्यक हो गया है।