कांठ। बेटों को पिटता देख बचाने आई मां के साथ मारपीट की गई। जिससे दोनों भाई घायल हो गए। पुलिस ने तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
छजलैट के गांव शेरपुर एतमादपुर निवासी मिथलेश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 21 जनवरी की शाम उसका बेटा ऋषभ क्षेत्र के गांव तेलीपुरा जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में मिले गांव का ही मोहित, उसके भाई रोहित और सुरेंद्र ने ऋषभ को देखते ही गालियां देनी शुरू कर दीं। जब उसने मना किया तो यह मारपीट पर उतारू हो गए। यह देख उसका दूसरा बेटा केशव पहुंचा और बीच-बचाव करके ऋषभ को घर लाने लगा। तभी तीनों ने ऋषभ और केशव को घेर कर पीटने लगे। आरोप है कि जब मां बेटों को बचाने पहुंची तो उसे भी पीटा। गांव वालों ने उन्हें इनसे बचाया। उसके दोनों बेटों को चोटें आई हैं। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने उनके घर पर चढ़ाई कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।