कटघर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह घायलावस्था में मिले सिक्योरिटी गार्ड की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
कटघर के रुस्तमपुर बड़मार उर्फ ऊंचागांव निवासी राजकुमार सिंह(55) पंडित नगला बाईपास पर स्थित फर्म में सिक्योरिटी गार्ड थे। परिवार में पत्नी पप्पी देवी, बेटा अजय और तीन बेटियां ज्योति, मीनू व खुशबू हैं। वह रोज सुबह सात बजे ड्यूटी पर चले जाते थे और शाम सात बजे तक वहां ड्यूटी देते थे। अजय ने बताय कि बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह खाना लेकर फर्म पहुंचा तो पता चला कि उसके पिता राजकुमार आज ड्यूटी नहीं आए हैं।
अजय ने अपने पिता के मोबाइल पर कॉल की। किसी अन्य ने कॉल रिसीव की और बताया कि जिनका मोबाइल है। वह जिला अस्पताल में भर्ती हैं। राज कुमार और परिवार के अन्य लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां पूछताछ में पता चला कि राज कुमार देहरी गांव के पास घायल अवस्था मिले थे। एंंबुलेंस के जरिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान राज कुमार की मौत हो गई। कटघर थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।