मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सिहोराबाजे के पास सोमवार की देर रात करीब ढाई बजे प्लाईवुड से लदा ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में चालक सुदेश कुमार (37) की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद चालक के शव को परिजनों को सौंप दिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला चालक सुदेश कुमार इटावा जिले के कौआ रामपुरा गांव का निवासी था। सोमवार की रात सुदेश उत्तराखंड के रुद्रपुर से ट्रक में प्लाईवुड लादकर हरियाणा के सोनीपत जा रहा था। सोमवार की देर रात करीब ढाई बजे सुदेश का ट्रक मूंढापांडे थानाक्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सिहोराबाजे से गुजर रहा था। इसी दौरान हाईवे के किनारे पहले से खड़े ट्रक से सुदेश का ट्रक पीछे से टकरा गया। इस हादसे में सुदेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुदेश को ट्रक से निकालकर जिला अस्पताल भिजवा दिया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर सुदेश के परिजन मुरादाबाद पहुंच गए। उन्होंने बताया कि सुदेश के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। सीओ हाईवे वरुण कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।