फर्नीचर कारोबारी के घर पर बुलडोजर चलवाने वाले
एसडीएम बिलारी हटाए गए
- एसीएम (प्रथम) राजबहादुर बिलारी के एसडीएम बनाए गए
- एडीएम (प्रशासन) की प्रारंभिक जांच के आधार पर गिरी घनश्याम वर्मा पर गाज, जिला मुख्यालय संबद्ध
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद । फर्नीचर के 2.67 लाख रुपये मांगने पर फर्नीचर कारोबारी के घर पर बुलडोजर चलवाने वाले बिलारी के एसडीएम घनश्याम वर्मा को हटा दिया गया। उन्हें मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। एडीएम (प्रशासन) की जांच रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने यह कार्रवाई की। एसीएम (प्रथम) राजबहादुर को बिलारी का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।
बेचे गए फर्नीचर के रुपये मांगने पर एसडीएम घनश्याम वर्मा के निदेश पर तहसील प्रशासन ने नगर पालिका की टीम 12 जुलाई को बिलारी तहसील क्षेत्र के स्टेशन रोड निवासी फर्नीचर कारोबारी जाहिद अहमद के घर की दीवार गिरवा दी गई थी। इस संबंध में एसडीएम का कहना था कि तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण करने पर यह कार्रवाई की गई है। फर्नीचर कारोबारी का आरोप था एसडीएम ने उनसे फर्नीचर उधार लिए थे। जिसकी कीमत मांगने पर यह कार्रवाई की गई है। फर्नीचर कारोबारी ने यह शिकायत डीएम और कमिश्नर से की थी। डीएम ने इस मामले की जांच एडीएम (प्रशासन) सुरेंद्र कुमार को सौंपी थी। शनिवार सुबह जांच के लिए एडीएम (प्रशासन) बिलारी पहुंचे और तालाब की पैमाइश कराई। फर्नीचर कारोबारी जाहिद अहमद और एसडीएम घनश्याम वर्मा समेत कई अन्य लोगों के भी बयान दर्ज किए थे। शाम को उन्होंने अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। इस रिपोर्ट के बाद शाम को डीएम ने एसडीएम बिलारी घनश्याम वर्मा को वहां से हटाकर जिला मुख्यालय संबद्ध कर दिया है।
उन्होंने उनके स्थान पर जिला मुख्यालय पर तैनात अपर नगर मजिस्ट्रेेट (प्रथम) राज बहादुर सिंह को बिलारी तहसील का एसडीएम नियुक्त किया है।
000
बिलारी के एक फर्नीचर कारोबारी ने फर्नीचर के रुपये मांगने पर एसडीएम द्वारा उसके घर की दीवार ढहाने का आरोप लगाया गया था। शनिवार एडीएम (प्रशासन) को इसकी जांच के लिए भेजा गया था। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया है लेकिन व्यापारी को जो नोटिस दी गई थी उसमें समय 15 दिन न देकर एक सप्ताह के भीतर ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। व्यापारी और एसडीएम के बयान में भी काफी अंतर है जिसकी सत्यता की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल जांच की निष्पक्षता प्रभावित न हो इसके लिए एसडीएम को हटाकर उन्हें मुख्यालय संबद्ध कर दिया गया है। उनके स्थान पर एसीएम (द्वितीय) राजबहादुर को बिलारी का एसडीएम नियुक्त किया गया है। कमिश्नर को प्रारंभिक जांच रिपोर्ट भेज दी गई है।
शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम मुरादाबाद
--