मुरादाबाद के सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में अकबर किले के पास गुरुवार को शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार पूर्व प्रधान की पत्नी कुसुम (40) की मौत हो गई। जबकि स्कूटी पर सवार कुसुम की भांजी तान्या और भतीजी शिवांगी घायल हो गईं। घायलों को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुंदरकी के भीकनपुर कुलवाड़ा के पूर्व प्रधान वीर सिंह परिवार के साथ खुशहालपुर की बैंक कॉलोनी में रहते हैं। उनकी बेटी सिमरन आरएसडी एकेडमी से नर्सिंग कर रही है। बुधवार शाम करीब चार बजे वीर सिंह की पत्नी कुसुम अपनी भांजी तान्या और शिवांगी को साथ लेकर स्कूटी से बेटी के कॉलेज उसे लेने जा रही थी। अकबर किले के पास रोड क्रॉस करते समय कांठ की ओर से आये तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी।
इस हादसे में तीनों घायल हो गईं। कुछ दूरी पर ट्रक खड़ा कर चालक भाग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कॉसमॉस अस्पताल भिजवाया। जहां कुसुम को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तान्या और शिवांगी का उपचार जारी है। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। दो युवतियों की हालत गंभीर है।