मुरादाबाद। सावन के पहले सोमवार को मंडल में हुए हादसे को देखते हुए दूसरे सोमवार से पहले ही पुलिस अधिकारी तैयारियां में जुट गए हैं। सावन दूसरे सोमवार और मंगलवार को शिवरात्रि के मद्देनजर प्लान जारी कर दिया है। शुक्रवार शाम चार बजे से सात स्थानों पर रूट डायवर्जन किया जाएगा। ये व्यवस्था 26 जुलाई की शाम चार बजे तक लागू रहेगी।
एसपी यातायात अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हाईवे पर मुरादाबाद से ओर दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर हल्के वाहन (दुपहिया और चौपहिया वाहन) की आवाजाही तय की गई है जबकि दिल्ली से मुरादाबाद आने वाली लेन पर कांवडियों का आवागमन रहेगा। वैसे तो शुक्रवार शाम चार बजे से रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। अगर कांवड़ियों की भीड़ पहले ही आनी शुरू हो जाएगी तो ऐसी स्थिति में रूट डायवर्जन पहले भी लागू किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को भी इस व्यवस्था का ट्रायल कराया गया था, जो काफी हद तक सफल रहा। कांवड़ियों की संख्या और मार्ग की व्यस्तता को देखते हुए बिजनौर की तरफ से आने वाले छोटे वाहन अगवानपुर बाईपास से टीएमयू की तरफ से हाईवे पर होकर रामपुर-बरेली की तरफ पास कराए जा सकते हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए जनपद में दो हजार से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इनके अलावा पीएसी और आरएएफ के जवान की भी तैनाती की गई है। पीआरवी के रूट में भी परिवर्तन किया गया है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों के एंगल को कांवड़ पथ की तरफ कर दिया गया है।
बरेली से दिल्ली के लिए इस इन मार्गों से जाएंगे भारी वाहन और बसें
- बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन रामपुर के मिलक, शाहबाद, बिलारी, सिरसी, संभल, नरौरा, डिबाई, शिकारपुर, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद होकर दिल्ली पहुंचेंगे और इसी मार्ग से वापसी दिल्ली से बरेली जाएंगे।
रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले रोडवेज कीस बसें इन मार्गों से जाएंगीं
- रामपुर से मुरादाबाद की ओर आने वाली रोडवेज की बसें शाहाबाद, बिलारी, कुंदरकी होते हुए अस्थायी बस स्टैंड पंडित नंगला बाईपास पहुंचेंगीं और इसी मार्ग से वापस रामपुर जाएंगी। भारी वाहन भी इसी मार्ग से होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे
मुरादाबाद से दिल्ली और मेरठ के लिए इस मार्गों से गुजरेंगी रोडवेज की बसें
- मुरादाबाद से दिल्ली और मेरठ की ओर जाने वाली रोडवेज की बसें अस्थायी बस पंडित नंगला बाइपास से बिलारी, सिरसी, संभल, गवां, नरौरा, डिबाई, शिकारपुर, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद होकर दिल्ली की ओर जाएंगी। इसी मार्ग से वापस आएंगी। अन्य भारी वाहन मुरादाबाद से चलकर इसी मार्ग से दिल्ली की ओर जाएंगे, जबकि मेरठ जाने के लिए वाया हापुड़-मेरठ जाएंगे। इसी मार्ग से वापस आएंगे।
अमरोहा से रामपुर और बरेली के लिए इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन
- अमरोहा से रामपुर, बरेली की ओर जाने वाले वाहन अमरोहा- कैलसा रोड, बागड़पुर, डींगरपुर तिराहा पाकबड़ा से डींगरपुर, कुंदरकी, बिलारी, शाहाबाद होकर रामपुर पहुंचेंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगे।
मुरादाबाद से बिजनौर और हरिद्वार के लिए इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन
- मुरादाबाद से बिजनौर, हरिद्वार जाने वाले भारी वाहन, और बसें काशीपुर तिराहा से ठाकुरद्वारा, जसपुर (उत्तराखंड), अफजलगढ़ (बिजनौर), धामपुर (बिजनौर) होते हुए जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगी। धामपुर से मुरादाबाद की ओर जाने वाले छोटे वाहन स्योहारा, सुरजननगर, ठाकुरद्वारा, भोजपुर एवं काशीपुर तिराहा पहुंचेंगे तथा इसी मार्ग से वापस आएंगे। बिजनौर रोड से बरेली, रामपुर जाने वाले छोटे वाहन कोठीवाल डेंटल कॉलेज कट से ठाकुरद्वारा बाईपास होकर भोजपुर होते हुए काशीपुर तिराहा होते हुए रामपुर, बरेली जाएंगे।
एसपी सिटी और एडीएम सिटी ने कांवड़ जत्थों के साथ की बैठक
मुरादाबाद। नागफनी थानाक्षेत्र में गंगा मंदिर में बृहस्पतिवार को एसपी सिटी और एडीएम सिटी ने कांवड़ जत्थों के साथ बैठक की। अफसरों ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर है। कांवड़ लाने वाले जत्थे भी पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। सभी नियमों का पालन करें। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह, सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी, सीओ कटघर डाक्टर अनूप सिंह, सीओ कोतवाली महेश चंद गौतम समेत थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। ब्यूरो
एसएसपी ने किया हाईवे का निरीक्षण, परखी सुरक्षा व्यवस्था
मुरादाबाद। एसएसपी हेमंत कुटियाल ने बृहस्पतिवार को दिल्ली हाईवे पर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ पथ का निरीक्षण किया। जीरो प्वाइंट, डींगरपुर तिराहा, बागड़पुर कट के बाद अमरोहा बार्डर के सीएनजी पंप तक एसएसपी ने निरीक्षण किया। कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए हाईवे को वन वे करने के निर्देश दिए। कुछ स्थानों पर अस्थायी पार्किंग बनाने के निर्देश दिए। एसपी यातायात अशोक कुमार ने बताया कि कांवड़ियों की संख्या अधिक होती है तो वाहनों को अस्थायी पार्किंग स्थल पर रोक दिया जाएगा। संख्या कम होने के बाद दूसरे जनपदों को जाने वालों को रवाना किया जाएगा। ब्यूरो