मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुरादाबाद दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने में जुटा है। वहीं यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को शहर में सुबह आठ बजे से दोपहर कार्यक्रम समाप्त होने तक तक रोडवेज की बसें बदले मार्ग से चलाई जाएंगी। इसके लिए शहर से बाहर ही उनके लिए अस्थायी बस अड्डे बनाए गए हैं।
एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि मंगलवार सुबह दस बजे से लेकर कार्यक्रम संपन्न होने तक मुरादाबाद से बरेली और रामपुर जाने वाली बसों का संचालन रामपुर दोराहा, दलपतपुर जीरो प्वाइंट पर पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस बसों का संभल कट बिलारी मार्ग के अंडरपास होते हुए पंडित नगला हनुमान मूर्ति होते हुए संचालन किया जाएगा। इसी तरह रोडवेज बस अड्डे से बिजनौर की ओर जाने वाली बसों का संचालन सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक रेलवे स्टेशन, पीलीकोठी, पीएसी तिराहा, अगवानपुर मार्ग से न होकर इन बसों का संचालन शेरुआ चौराहा, टीएमयू पाकबड़ा होते हुए संभल कट, पंडित नगला, हनुमान मूर्ति होते हुए संचालित की जाएंगी। यातायात पुलिस की ओर से परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को इस संबंध में पत्र भेजा गया है।