सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के कांठ रोड शेरुआ धर्मपुर में बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार रोडवेज बस पुलिया पर उछल गई। बस की पिछली सीट पर बैठी महिला मासूम बेटी के साथ सड़क पर नीचे जा गिरी। महिला और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जनपद बिजनौर के थाना किरतपुर के गांव भनेड़ा निवासी गीता पत्नी राजेश चंद्रा ने बताया कि उसका बिलासपुर का मायका है। मायके में दादी मुन्नी की तबियत खराब है।बृहस्पतिवार को 2 साल की बेटी परी के साथ दादी को देखने मायके जा रहीं थी। नजीबाबाद से वह मुरादाबाद डिपो की बस में सवार हुई थी। चालक पहले से ही बस बहुत तेज चला रहा था।अगवानपुर में बस पुलिया पर चढ़ी। इससे सारी सवारी लड़खड़ा गई।महिला झटके से अपनी सीट से बस में गिर गई। इसके बाद भी चालक बस को काबू नहीं कर पाया और महिला बच्ची को लेकर बस के बाहर सड़क पर जा गिरी। इससे महिला और बच्ची के सिर में चोट लगने से घायल हो गई।पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।