रामपुर जिले के मिलक थाना इलाके के खाता चिंतामन गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने कांवड़ियों को रौंद दिया। जिससे एक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मिलक में डाक कांवड़ के जत्थे में शामिल बाइक सवार कांवड़ियों को एक अन्य कांवड़ियों के जत्थे की ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िये के सिर से ट्रॉली का पहिया उतर गया। दर्दनाक हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य कांवड़िये घायल हो गए।
विज्ञापन
घटना से गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रैक्टर ट्राली में आग लगा दी और उस पर सवार एक व्यक्ति की जमकर धुनाई कर दी। जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। सूचना पर डीएम-एसपी समेत तमाम पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहीं दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर ट्रैक्टर ट्राली में लगी आग को बुझाया।
अधिकारियों ने गुस्साए कांवड़ियों को शांत कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे धमोरा-राठौंडा मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहा। हादसा सोमवार की सुबह करीब पौने सात बजे धमोरा-राठौंडा मार्ग पर खाता चिंतामन गांव के पास हुआ।
विज्ञापन
मिलक कोतवाली इलाके के जगतपुर गांव से 32 कांवड़ियों का एक जत्था बृहस्पतिवार रात को डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। इन कांवड़ियों को राठौन्डा शिव मंदिर में जलाभिषेक करना था। जत्थे ने गांव निवासी वेदप्रकाश उर्फ वेदपाल (19) पुत्र मंगलसेन भी गया था। परिजनों का आरोप है कि खाता चिंतामन गांव के पास पीछे से मीरगंज थाना इलाके के लभारी गांव के जत्थे के साथ आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार तीन लोग सड़क पर गिर गए। इनमें से वेदप्रकाश सड़क पर गिर गए। इस दौरान वेदप्रकाश ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई। जबकि अर्जुन और लवली घायल हो गए। हादसे के बाद अन्य कांवड़िये भड़क गए और उन्होंने ट्रैक्टर ट्रॉली में आग लगा दी।
ट्रॉली में रखी एक बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। इस दौरान ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया, लेकिन ट्रैक्टर पर सवार एक अन्य व्यक्ति हरिओम को गुस्साए कांवड़ियों ने दबोच लिया और जमकर धुनाई कर दी।
हादसे की सूचना पर डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, एसपी अशोक कुमार, एसडीएम मिलक देवेंद्र प्रताप सिंह, सीओ धर्म सिंह मार्छाल समेत कई पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और गुस्साए कांवड़ियों को समझ बुझाकर शांत कराया। फायर बिग्रेड को बुलवाकर ट्रैक्टर ट्राली में लगी आग को बुझाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।