बिलारी। तहसील के रामनगर गंगपुर गांव के जंगल में स्थित ग्राम समाज की वृक्षारोपण की मद में आरक्षित लगभग 40 बीघा भूमि शुक्रवार को मौके पर जाकर कब्जा मुक्त करा दी। रामनगर गंगपुर निवासी राजू आदि ग्रामीणों तथा गौरक्षा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बीते शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर गांव के ही कुछ लोगों पर ग्राम समाज भूमि पर कई वर्ष से लगातार अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया था। डीएम ने तहसील अधिकारियों को शीघ्र मौके पर जाकर ग्राम समाज भूमि से अवैध कब्जा हटवाने के आदेश दिए थे। शुक्रवार दोपहर एसडीएम प्रिंस वर्मा, तहसीलदार धीरेश कुमार सिंह और उनके अधीनस्थ राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पहले तो संबंधित भूमि की पैमाइश की उसके बाद अवैध कब्जा करके बोई गई फसल को हटवा दिया गया। तहसीलदार ने बताया कि मौके से पूरी तरह से अवैध कब्जा हटवाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया गया है।