दहेज में कार और पांच लाख रुपये न मिलने पर युवक और उसके परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने मंगेतर और उसके परिवार के आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र निवासी युवती ने मूंढापांडे थाने में दी दी तहरीर में बताया कि उसका रिश्ता मूंढापांडे निवासी ऋषभ के साथ तय हुआ था। 7 सितंबर 2022 को तिलक समारोह हुआ था। जिसमें युवती के परिवार वालों ने 81 हजार रुपये नकदी और सोने की अंगूठी के अलावा अन्य सामान भी दिया। रिश्ता होने के बाद से मंगेतर ऋषभ, उसकी मां पूनम देवी, पिता हरिओम, चाची मुक्ता देवी, चाचा नरेश, भाई सागर और बहन सिरमन व सुरभि ने कार और पांच लाख रुपये की मांग करनी शुरू कर दी थी। युवती ने बताया कि मकान बनाने के लिए ऋषभ के परिवार ने उसके पिता ने ढाई लाख रुपये भी लिए थे लेकिन मंगेतर और उसके परिजन और दहेज की मांग करने लगे। मूंढापांडे थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।