फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: दुकानों पर लगे लाल निशान, धरने पर बैठे दुकानदार, तीन घंटे जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। गुरहट्टी चौराहे से जैन मंदिर तक बनीं 70 दुकानों पर नगर निगम ने लाल निशान लगाए तो दुकानदार भड़क गए। उन्होंने शुक्रवार दोपहर कलक्ट्रेट पर पहुंच कर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद दुकानदार और उनके परिवार के लोग जेल रोड पर जैन मंदिर चौराहे के पास धरने पर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक दुकानदार यहीं बैठे रहे और उन्होंने दुकानें हटाए जाने का विरोध किया। नगर विधायक रितेश गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों की बात सुनी। उनके आश्वासन पर दुकानदारों ने धरना खत्म किया।
विज्ञापन

नगर निगम की टीम ने गुहरट्टी चौराहे से जैन मंदिर तक दुकानों को हटाने के लिए लाल निशान लगा दिए। मुनादी कराई कि जिन दुकानों पर निशान लगाए गए हैं। उन दुकानों को शुक्रवार शाम तक खुद हटा लें वरना बुलडोजर चलाकर तोड़ दी जाएंगी। दुकानों का सामान भी जब्त कर लिया जाएगा। नगर निगम के इस फरमान से दुकानदार भड़क गए। शुक्रवार दोपहर सभी दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी। इसके बाद वह इकट्ठा होकर कलक्ट्रेट पर पहुंच गए। दुकानदारों की अधिकारियों से बातचीत नहीं हो पाई तो वह वापस आ गए। अपने परिवारों के साथ दोपहर तीन बजे जैन मंदिर चौराहे पर बैठ गए। इसकी जानकारी मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। पुलिस कर्मियों ने दुकानदारों को हटाने का प्रयास किया तो वह भड़क गए। पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। शहर विधायक रितेश गुप्ता मौके पर पहुंच गए और उन्होंने दुकानदारों को आश्वासन दिया है कि वह उनके साथ अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने इस मामले में कमिश्नर और नगर आयुक्त से बात की। तब निर्णय लिया गया कि शनिवार को अधिकारियों के साथ इस मामले में बातचीत की जाएगी। शाम करीब छह बजे दुकानदार सड़क से हट गए। इसके बाद ही यातायात चालू हो सका।
व्यापारियों के समर्थन में उतरी शिवसेना
मुरादाबाद। शिवसेना भी जेल रोड के दुकानदारों और व्यापारियों के समर्थन में उतर आई है। शिव सेना के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि इस विषय पर एसपी सिटी अखिलेश भदोरिया, एडीएम सिटी नगर विधायक महोदय से भी चर्चा की गई है। नगर निगम दुकानदारों का उत्पीड़न कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन

- शहर में जल भराव की समस्या पर कमिश्नर और डीएम के निरीक्षण के बाद डेढ़ महीने का विस्तृत अतिक्रमण अभियान का रोस्टर जारी किया गया है। अभियान से पहले मुनादी भी कराई जा रही है। जलभराव की मुख्य समस्या नालों पर अवैध अतिक्रमण है। जिसे हटाने के स्पष्ट निर्देश शासन और कमिश्नर के हैं। जेल रोड पर भी इसी क्रम में अतिक्रमण का चिन्हांकन किया गया था। संबंधित को नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।
- अजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त द्वितीय
स्मार्ट टाॅयलेट पर लगा दिया लाल निशान
नगर निगम की टीम ने जेल रोड पर बनाए गए स्मार्ट टाॅयलेट पर भी लाल निशान लगा दिया। जबकि नगर निगम ने इस टाॅयलेट का निर्माण कराया था। अगर टाॅयलेट को भी गिराना है तो इसके निर्माण में पैसा ही बरबाद किया गया था।
क्या बोले दुकानदार
- 32 साल से कपड़े सिलाई की दुकान चला रहा हूं। नगर निगम में इसका टैक्स भी जमा किया जाता है। अब अगर निगम के अधिकारी दुकान हटाने के लिए लाल निशान लगा गए हैं।
मेहर हसन उर्फ गुड्डू
- 30 साल से चाय की दुकान है। नगर निगम से दुकान आवंटित हुई थी। अगर दुकान तोड़ दी जाएगी तो मेरे परिवार की रोजी रोटी की खत्म हो जाएगी। -भगवती
- 24 साल से ज्यादा का समय हो गया दुकान चलाते हुए। नगर निगम से ही दुकान आवंटित हुई थी। हर साल इसका टैक्स भी नगर निगम में जमा किया जाता है। - पदम कुमार यादव
- दुकान खाली करने कोई नोटिस नहीं दिया गया है। नगर निगम की टीम आई और लाल निशान लगाकर चली गई। चौबीस घंटे में दुकान खाली करने के आदेश दिए हैं। - हिमांशु सचदेवा
पुलिस को बदले मार्ग से गुजारने पड़े वाहन
जेल रोड बंद होने से यातायात पुलिस को वाहनों को दूसरे मार्गाें से गुजारना पड़ा। इससे कचहरी रोड पर जाम लग गया। दुकानदार शुक्रवार दोपहर तीन बजे धरने पर बैठ गए थे। शाम करीब छह बजे तक इस मार्ग पर वाहनों का संचालन बंद रहा। जिस कारण दूसरे मार्गाें पर वाहनों की संख्या बढ़ जाने से जाम लग गया।
- नगर निगम बेवजह दुकानदारों और व्यापारियों को परेशान कर रहा है। इससे सरकार की छवि धूमिल हो रही है। दुकानदारों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मंडल आयुक्त और नगर आयुक्त से मेरी बात हुई है। उन्होंने शनिवार को इस मुद्दे पर विस्तार से बात करने को कहा है। तब तक दुकानों को नहीं हटाया जाएगा। - रितेश गुप्ता, नगर विधायक
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें