आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर 16 और 17 सितंबर को मुरादाबाद में रहेंगे। इस दौरान वे युवाओं और ग्राम प्रधानों को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। संस्था के सदस्यों का कहना है कि अभी कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा का इंतजार है।
संस्था के सदस्य अजय नारंग ने बताया कि श्रीश्री रविशंकर 16 सितंबर को हेलीकॉप्टर से सुबह 11 बजे मुरादाबाद आएंगे। पहले दिन तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय में कार्यक्रम होगा। इस दौरान वे यूथ मीट में युवाओं को संबोधित करेंगे। उन्हें सफलता, सकारात्मक सोच, ऊर्जा आदि को लेकर तमाम टिप्स देंगे।
इसके बाद रात में होलीडे रीजेंसी होटल में आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े लोगों के साथ संवाद करेंगे। 17 सितंबर को बुद्धि विहार के होटल व्हाइट हाउस में ग्राम प्रधानों के साथ संवाद का कार्यक्रम है। हालांकि, टीएमयू के अलावा उनके अन्य कार्यक्रमों का विस्तृत शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है।
वहीं टीएमयू पदाधिकारियों ने बताया कि तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय में होने वाले विशेष दीक्षा समारोह में उन्हें डीलिट की मानद उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। यूथ मीट कार्यक्रम के दौरान श्रीश्री 15 हजार विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
कुलाधिपति सुरेश जैन, जीवीसी मनीष जैन और मेंबर ऑफ गवर्निंग बाडी नंदिनी जैन ने उम्मीद जताई कि उनकी उपस्थिति से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार होगा। अक्षत जैन ने कहा कि हमारी संस्कृति ही सारी दुनिया में हमें अलग पहचान देती है।
भारतीय कला हो या फिर दर्शन, इन्हीं के जरिये आज हमारे देश की पहचान संपूर्ण विश्व में है। कुलाधिपति सुरेश जैन ने कहा कि टिमिट सोसायटी की ओर से संचालित तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय की स्थापना 14 सितंबर को हुई थी और सोसायटी अब 24वें वर्ष में प्रवेश करेगी।