मुरादाबाद। जिला जेल में बंद दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी कपिल (32) ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तेजाब पीकर जान देने की कोशिश की। उसका कहना है कि जेल में मंदिर के पास कूड़े में उसे तेजाब की शीशी मिली थी। देर शाम हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया।
संभल जनपद के हजरत नगर गढ़ी थाना क्षेत्र में नवाड़ा निवासी कपिल को चार माह पहले नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में जेल भेजा गया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह जेल परिसर में टहल रहा था। इसी दौरान मंदिर के पास कूड़े के ढेर में उसे एक शीशी पड़ी मिली। उसने शीशी का ढक्कन खोलकर देखा तो तेजाब जैसी दुर्गंध आ रही थी। वह जेल में बंद होने से तनाव में चल रहा था। इस कारण उसने तेजाब पी लिया। उसने उल्टियां की तो अन्य बंदियों ने शोर मचा दिया।
बंदी रक्षक और जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब एक घंटे उसका इलाज किया गया। इसके बाद जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रवीण शाह ने बताया कि तेजाब पीने से बंदी की की हालत बिगड़ी है। उसकी खाने वाली नली में जटिलता हो गई थी। उसे मेरठ रेफर किया गया है। जेलर मृत्युंजय पांडेय ने बताया कि बंदी टीबी का मरीज है। इसलिए उसने खून की उल्टियां की थीं। जेल में तेजाब उपलब्ध नहीं हो सकता है।