मुरादाबाद। शहर में बेतहाशा बिजली कटौती, ट्रिपिंग, चेकिंग अभियान के नाम पर उत्पीड़न के विरोध में सपाइयों ने सोमवार को अधीक्षण अभियंता नगर क्षेत्र के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ज्ञापन देकर समस्याओं के निराकरण की मांग की। समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
सपाइयों ने कहा कि प्रदेश सरकार के शहरों को 24 घंटे बिजली देने के वादे के विपरीत बेतहाशा कटौती और ट्रिपिंग से हाहाकार मचा हुआ है। जनता पूरी तरह से त्रस्त है। उमस भरी गर्मी और चढ़ते पारे के बीच बिजली अफसरों की लापरवाही और अकर्मण्यता पर कहीं नियंत्रण नहीं लग रहा पा रहा है। इस गर्मी में बुजुर्गों और बच्चों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट के चलते व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रहीं हैं। चेकिंग अभियान के दौरान किए जाने वाले अमानवीय व्यवहार और बिजली बिलों में छेड़छाड़ कर लोगों का मानसिक और आर्थिक शोषण करने पर रोक लगाई जाए। बेतहाशा बिजली कटौती की समस्या का निदान तत्काल प्रभाव से किया जाए वरना समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को विवश होगी।
इस दौरान शाने अली शानू, कुलदीप तुरैहा, तुंगीश यादव, नाजिर खान, हारून पाशा, नूह अंसारी, अब्दुल समद, रईस अहमद वारसी, मोहम्मद अफनान, वाहिद सैफी, मैथ्यू आर मैसी, नाजिर यामीन, तौकीर अहमद, डॉ. आसिम खान, नाजिम वारसी आदि मौजूद रहे।