मुरादाबाद। पीतलनगरी डिपो पर वरिष्ठ लिपिक रहे एसपी सिंह पर रोडवेज प्रबंधन ने 4.26 लाख की रिकवरी बताई है। प्रबंधन का कहना है कि उन्हें समय से पहले पदोन्नति और वेतन वृद्धि का लाभ मिला। इसके चलते उनके 1.97 लाख रुपये के देय रोक लिए गए हैं। इस पर रिटायर्ड कर्मी ने एक दिसंबर से आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए एसपी सिंह ने रिकवरी आदेश को गलत बताया है। उनका कहना है कि यदि समय से पहले पदोन्नति और वेतन वृद्धि मिली है तो यह गलती कार्यालय स्तर से हुई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार क्लास 3 व 4 के किसी कर्मी से सेवानिवृत्ति के बाद रिकवरी नहीं की जा सकती। यदि कोई रिकवरी है तो सेवानिवृत्ति से एक वर्ष पहले बताया जाए। इस पर एआरएम प्रेम सिंह का कहना है कि रिकवरी आदेश सभी मानकों का पालन करते हुए जारी किए गए हैं। एसपी सिंह के पत्र के बाद मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य आएंगे उसके अनुसार निर्णय लिया जाएगा।