मूंढापांडे। सहकारी समिति रौंडा में डीएपी खाद नहीं मिलने पर किसानों ने सचिव के कार्यालय में घुसकर विरोध जताया। किसानों के आक्रामक तेवर को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर सचिव को किसी प्रकार बाहर निकाला। पुुलिस के हस्तक्षेप करने पर आक्रोशित किसान वापस लौट गए। किसानों का कहना था कि ई पॉश मशीन नहीं चलने के कारण खाद नहीं मिल सकी।
सहकारी समिति रौंडा में कल शाम 350 कट्टे डीएपी खाद मंगाई गई थी। खाद आने की भनक मिलने पर बृहस्पतिवार की सुबह सैकड़ों किसान समिति के सामने जमा हो गए। वे खाद देने की मांग कर रहे थे लेकिन ई पॉश मशीन नहीं चल सकी। इस बारे में सचिव मोहित ने बताया कि जैसे ही वह वितरित करने की व्यवस्था करने लगे तो किसानों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। किसान ऑफिस में घुस गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले लोगों को समझाने की कोशिश की, नहीं मानने पर पुलिस ने खाद लेने आए लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद सचिव को कार्यालय से बाहर निकाल दिया ताकि कोई हमला नहीं कर सके। खाद भी नहीं बांटी जा सकी।
सभापति हरिओम शर्मा ने बताया कि समिति पर एक महीने पहले एनपीके खाद बांटी गई। दूसरी ट्रैक्टर ट्राली बुधवार को आई है। एक दूसरे से पहले खाद लेने को लेकर किसान हंगामा करने लगे थे। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ कर मामला शांत किया। उधर, मूंढापांडे समिति, विसाहट किसान सेवा समिति पर एनपीके खाद की एक सप्ताह से किल्लत बनी हुई है। किसान खाद के लिए समितियों को चक्कर काट रहे हैं। समिति के सचिव अशोक शर्मा ने बताया कि चेक भेजा गया है। संभावना है कि शुक्रवार को दोनों समितियों के लिए खाद आ जाएगी। उन्होंने बताया कि सहकारी संघ मूंढापांडे पर बुधवार शाम 400 कट्टे एनपीके आई है। एक आधार कार्ड पर दो-दो बोरी के हिसाब से खाद वितरित की गई है।
जिले में खाद की दिक्कत नहीं आने दी आएगी। प्रत्येक क्षेत्र के अधिकारी नजर रख रहे हैं। मूंढापांडे के बारे की स्थिति के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है।
- शैलेंद्र कुमार सिंह जिलाधिकारी मुरादाबाद