मुरादाबाद। महंगाई के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंच कर धरना प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा।
प्रांतीय आह्वान पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जिला प्रभारी डॉ. एपी सिंह और निवर्तमान जिलाध्यक्ष जाबिर हुसैन एडवोकेट की अगुवाई में कलक्ट्रेट गेट पर बृहस्पतिवार एकत्र हुए। हाथ में महंगाई के विरोध में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने जीएसटी लगाकर आटा, दाल, दूध समेत तमाम आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ाने का काम किया है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस की बढ़ी कीमतों से जनता पहले से ही परेशान है। आम आदमी पार्टी बढ़ती महंगाई पर चुप नहीं बैठेगी। वक्ताओं ने सरकार से जीएसटी वापस लेने और महंगाई पर रोक लगाने की मांग की।
इस मौके पर डॉ. एपी सिंह, जावेद रशीद, डॉ. मोहम्मद आरिफ, रविंद्र भाटिया, अनिल विश्नोई, जावेद आलम, मास्टर बदल,ू शमशेर पाशा, ममता गुप्ता, गुड़िया खान, अजय कुमार, डॉ. नजरुद्दीन, इशरत अली आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।