अंबाला के शंभू स्टेशन पर किसानों का आंदोलन करीब एक माह से जारी है। रेलवे ने मुरादाबाद से गुजरने वाली 35 ट्रेनों को 10 मई तक बदले मार्ग से चलाने का फैसला किया है। अमृतसर जाने वाली ट्रेनों को अंबाला-चंडीगढ़-न्यू मोरिंडा-सरहिंद-सानेहवाल होकर चलाया जा रहा है।
इससे मुरादाबाद का लुधियाना से रेल संपर्क कट सा गया है। सहारनपुर के रास्ते चंडीगढ़ तक जाने वाली कुछ ट्रेनों को दिल्ली के रास्ते डायवर्ट किया गया है। अब तक किसानों के ट्रैक से हटने की सूचना नहीं है, इसलिए 10 मई के बाद भी यात्रियों को दुश्वारी झेलनी पड़ सकती है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि हमारा प्रयास है कि ट्रेनें निरस्त न हों, परिवर्तित मार्ग से ही सही लेकिन यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचें। मुरादाबाद मंडल की कम ट्रेनें ही निरस्त हैं।