मुरादाबाद। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सतर्कता बरतने के लिए जिले में संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग के लिए डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीम के साथ अभियान चलाया गया। डीआईजी और एसएसपी ने चेकिंग का जायजा लिया।
एसएसपी हेमंत कुटियाल के निर्देश पर पुलिस के साथ बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने जिले के संवेदनशील इलाकों राम गंगा विहार वेव मॉल, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, होटलों सहित भीड़ भाड़ के अन्य स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की अन्य टीमों ने जिले की सभी सीमाओं पर बैरियर लगाकर आने जाने वालों वाहनों के डिक्की की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु हाथ नहीं लगी। डीआईजी शलभ माथुर और एसएसपी ने शहर में भ्रमण कर चेकिंग का जायजा लिया। सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने मॉल और सिनेमाघरों में चेकिंग कराया। थानों की पुलिस ने अपने अपने क्षेत्र के होटलों में पहुंचकर ठहरनेवाले यात्रियों के बारे में जानकारी ली। इसी प्रकार सीओ अनूप कुमार ने चेकिंग अभियान चलाया। तमाम कवायद के बावजूद कोई संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस की एक टीम सोशल मीडिया पर भी निगरानी कर रही है ताकि अफवाह फैलाने वालों को पकड़ा जा सके। शासन ने जिला पुलिस को हिदायत दी है कि स्वतंत्रता दिवस पर देश विरोधी तत्व कहीं भी गड़बड़ी फैला सकते हैं। इस कारण संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस रहनी चाहिए।