मुरादाबाद। कुशांक हत्याकांड की साजिश रचने के आरोपी भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक की पुलिस ने रिमांड मांगी है। पुलिस की ओर से अदालत में सोमवार को प्रार्थनापत्र दाखिल किया गया। इस मामले में मंगलवार को सुनवाई होगी। अदालत की ओर से जेल प्रशासन को पत्र लिखकर ललित कौशिक को तलब किया गया है।
12 फरवरी 2022 को रामगंगा विहार में स्पोर्ट्स सामान के कारोबारी कुशांक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। जिसमें पुलिस ने दावा था कि इस हत्याकांड की साजिश दीन दयाल नगर निवासी ललित कौशिक ने रची थी। कुशांक पर गोली शूटर केशव ने दागी थी। अब इस मामले में मझोला थाने की पुलिस ने ललित कौशिक को रिमांड पर ले रही है। सिविल लाइंस प्रभारी की ओर से सोमवार को कोर्ट में प्रार्थनापत्र दाखिल किया गया है। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि ललित कौशिक को रिमांड पर लिया जाएगा।
कोर्ट की निगरानी में केस की विवेचना कराने की मांग
सीए हत्याकांड में जेल भेजे गए विकास शर्मा की बहन ने अदालत में प्रार्थनापत्र दाखिल किया गया। जिसमें मांग गई है कि सीए हत्याकांड की विवेचना कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए।
कोतवाली के रेती स्ट्रीट निवासी संगीता शर्मा ने अपने अधिवक्ता अभिषेक शर्मा के जरिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया है। जिसमें कहा गया है कि उनके भाई विकास शर्मा को मझोला थाने की पुलिस ने अगवानपुर क्षेत्र से उठाया था और उसे अवैध हिरासत में रखा था। इस संबंध में अदालत में प्रार्थनापत्र भी दिया गया था। जिसमें मझोला थाने की पुलिस ने विकास शर्मा की गिरफ्तारी को सिरे से नकार दिया था। जिसके बाद पुलिस ने विकास शर्मा को सीए हत्याकांड में गिरफ्तारी दिखाकर जेल भेज दिया है। महिला का कहना है कि पुलिस द्वारा न केवल अदालत को गुमराह किया गया बल्कि एक निर्दोष को मुकदमे में फंसाया गया है। अदालत ने पूरे मामले में थाना प्रभारी से पंद्रह अप्रैल तक रिपोर्ट तलब की है।