ठाकुरद्वारा। थाना डिलारी के गांव रहटा माफी निवासी फैक्टरी कर्मी दिनेश कुमार ( 30) की बृहस्पतिवार शाम को ठाकुरद्वारा करनपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। सरकारी अस्पताल में दिनेश का शव रखा हुआ था। पुलिस ने शव के पोस्टमॉर्टम कराने के लिए पंचनामा की कार्रवाई शुरू की तो दिनेश के परिजन और ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पुलिस से नोकझोंक करते हुए पोस्टमॉर्टम से पहले आरोपी वाहन का पता लगाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों के बुलाने पर ब्लॉक प्रमुख के पति डॉ. वीर सिंह सैनी भी वहां पर आ गए। उन्होंने ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया। इस पर पुलिस ने रात 1:00 बजे तक ठाकुरद्वारा करनपुर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला लेकिन रात में कैमरों में आरोपी वाहन का पता नहीं चल सका। बाद में वीर सिंह सैनी के समझाने पर ग्रामीण शव का पोस्टमॉर्टम कराने को राजी हुए। पोस्टमॉर्टम होने के बाद शव शुक्रवार को घर पर पहुंचा। भारी गमगीन माहौल में दिनेश कुमार के। शव का अंतिम संस्कार किया गया। कोतवाल मनोज परमार ने बताया कि अभी दुर्घटना के बारे में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।