मुरादाबाद। एक युवती को दो प्रदेशों की पुलिस न्याय नहीं दिला पा रही है। युवती ने अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उत्तराखंड के काशीपुर निवासी युवक से उसके प्रेम संबंध थे। आरोपी युवक सेना में कर्मचारी है। युवती ने बताया कि एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए थे। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे काशीपुर भी बुलाया था। यहां शादी का झांसा देकर आरोपी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। युवती का आरेेप है कि आरोपी अब शादी करने से इनकार कर दिया है। युवती ने इस मामले की शिकायत मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाने में की थी, लेकिन सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने युवती को ये कहकर टरका दिया है कि घटना काशीपुर में हुई है। युवती काशीपुर पहुंची और वहां थाने में प्रार्थना पत्र दिया। युवती ने बताया कि काशीपुर की पुलिस ने युवती से कहा कि युवक से फोन पर बातचीत हुई है। युवक ने कहा है कि वह युवती से कभी नहीं मिला है। काशीपुर पुलिस ने इस मामले में बिना कोई जांच पड़ताल के ही आरोपी की बात पर विश्वास कर लिया। वहां से लौटने के बाद युवती ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। ये प्रार्थना पत्र भी जांच के लिए सिविल लाइंस थाने भेज दिया। फिर से जांच कर युवती को टकरा दिया गया है। पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि युवती के प्रार्थना पत्र जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।