मूंढापांडे (मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र में विवाहिता से निकाह कर रहे अफताब को पुलिस ने पकड़ा है। विवाहिता बिहार की रहने वाली है और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उसकी अफताब से मुलाकात हुई थी। पुलिस ने विवाहिता के परिजनों को सूचना दे दी है। विवाहिता को फिलहाल वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है, जब कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मूंढापांडे निवासी अफताब बेंगुलरु में सैलून पर काम करता है। करीब छह माह पहले रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात बिहार के भोजपुर जनपद क्षेत्र की विवाहिता से हुई थी। उसके साथ उसकी तीन साल की बेटी भी थी। विवाहिता ने बताया था कि पांच साल पहले उसकी शादी बिहार के रोहतास जनपद क्षेत्र के रहने वाले युवक से हुई थी। पति दिल्ली में एक कंपनी में काम करता है। वह अपने पति से मिलने आई थी, लेकिन पति का मोबाइल नंबर बंद होने के कारण वह घर लौट रही थी। रेलवे स्टेशन और ट्रेन में विवाहिता और अफताब साथ रहे। जिस कारण दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थी और एक-दूसरे का नंबर भी ले लिया था। इसके बाद से दोनों लगातार बातचीत कर रहे थे। दो दिन पहले अफताब ने विवाहिता को अपने घर बुला लिया। रविवार की रात दोनों के निकाह की तैयारी चल रही थी। रविवार रात करीब 11 बजे इसकी भनक लगते ही हिंदू संगठन और आरएसएस के कार्यकर्ता अंकुर, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के ब्लाक अध्यक्ष राजीव चौहान, डाॅ. केपी सिंह, अंकित चौहान, विपिन कठेरिया सहित तमाम कार्यकर्ता सक्रिय हो गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। कार्यकर्ता और पुलिस ने दोनों को पकड लिया और थाने ले गई। एसएचओ आरपी शर्मा ने बताया कि विवाहिता के भाई को फोन पर सूचना दी गई है। उसके भाई और परिजन आ रहे हैं। परिजनों के आने तक विवाहिता को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। परिजनों के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।