मुरादाबाद के कटघर के लाजपत नगर में रविवार रात तरावीह की नमाज पढ़ने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों पर मुचलका पाबंद किया है। दोनों पक्षों के दस-दस लोगों को पांच-पांच लाख रुपये में पाबंद किया है।
लाजपतनगर निवासी जाकिर हुसैन का घर के नीचे ही आयरन स्टोर है जबकि पड़ोस में ही उन्होंने गोदाम बना रखा है। रविवार रात जाकिर हुसैन के गोदाम में तरावीह की नमाज पढ़ाई गई थी। जिसमें जाकिर हुसैन के परिजन, रिश्तेदार और आस पड़ोस के लोग तरावीह पढ़ने के लिए आ आए थे। इसी दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना समेत अन्य पदाधिकारी गोदाम के बाहर इकट्ठा हो गए थे। इनके साथ कॉलोनी के अन्य लोग भी आ गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस को सूचना दे दी गई कि धर्मस्थल बना लिया गया है और नमाज अदा की जा रही है।
सूचना मिलने पर सीओ कटघर शैलजा मिश्रा और थाना प्रभारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए थे और मामला शांत कराया था। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि मामले की जांच कराई थी। जांच में सामने आया था कि वहां न धर्मस्थल बनाया गया था और न ही तरावीह की नमाज पढ़ने से किसी को रोका गया था। दो पक्षों में मकान को लेकर विवाद था। जिसमें लोगों ने तूल देने की कोशिश की थी। इस मामले में पुलिस ने जाकिर हुसैन, जमील अहमद, अबरार अहमद, मोबीन, रईस अहमद, अन्वर, आजम, तस्कीर, उवैद, अनीस और दूसरे पक्ष के रोहन सक्सेना समेत अन्य लोगों को पांच-पांच लाख रुपये में मुचलका पाबंद किया है।