कुंदरकी। रामपुर जिले के सैफनी कस्बे में ऐतिहासिक भूड़ा मेले में आयोजित दंगल में कुंदरकी के मशहूर इनफ्लुएंसर अब्दुल्ला पठान और क्षेत्र के ही ग्राम अहमदनगर जैतवाड़ा निवासी पहलवान हाजी रिजवान बरकाती के बीच कुश्ती को लेकर चर्चा सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियां बटोर रही है। कुछ दिन पहले सैफनी में आयोजित दंगल में किसी कारणवश अब्दुल्ला पठान की कुश्ती नहीं हो सकी थी। इसके बाद पहलवान हाजी रिजवान बरकाती ने सोशल मीडिया के माध्यम से अब्दुल्ला पठान को कुश्ती लड़ने का चैलेंज दिया था। चैलेंज के सामने आने के बाद दोनों से जुड़े समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि हाजी रिजवान बरकाती ने वीडियो वायरल कर इनफ्लुएंसर अब्दुल्ला पठान को मुकाबले के लिए ललकारा था। इसके बाद कुश्ती का यह मामला तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दोनों के वीडियो और इस पूरे मामले से जुड़े पोस्ट तेजी से वायरल होने लगे। लोग अब संभावित कुश्ती मुकाबले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसी के चलते मंगलवार को हाजी रिजवान बरकाती को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने की बात भी सामने आई। वायरल वीडियो में घर पर पुलिस की मौजूदगी और हाजी रिजवान से जुड़ी गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। हालांकि पुलिस की ओर से हाउस अरेस्ट बारे में जानकारी नहीं दी है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि क्या अब्दुल्ला पठान और हाजी रिजवान बरकाती के बीच वास्तव में कुश्ती का मुकाबला होगा या यह मामला सोशल मीडिया की चर्चाओं तक ही सीमित रहेगा। फिलहाल दोनों की तरफ से वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं और समर्थक अपने-अपने तरीके से प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।