मुरादाबाद। स्मार्ट सिटी के तहत जीएमडी रोड पर साैंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को गुलजारी मल धर्मशाला के पास की सड़क पर खोदाई के दौरान पाइपलाइन फट गई। इससे सड़कों के साथ आसपास की दुकानों में पानी भर गया। मौके पर जलकल विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के न पहुंचने से स्थानीय लोगों में रोष भी देखने को मिला।
पाइपलाइन के फट जाने से दुकानदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दुकानों से पानी बाहर निकालने के लिए खोदाई कर रास्ता बनाया गया। इससे सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी हुई। स्थानीय दुकानदार अमनदीप सिंह ने बताया कि स्मार्ट सिटी की ओर से यहां पर काम कराया जा रहा है। शाम के करीब पांच बजे ही ये पाइपलाइन फट गई थी, लेकिन रात नौ बजे तक भी कोई इसे दुरुस्त करने के लिए नहीं पहुंचा था। इससे सड़क और दुकान पर पानी भर गया और कीचड़ के चलते रोड पर चलना भी मुहाल हो गया।
पाइपलाइन फटने और सड़क पर खोदाई की वजह से शाम के समय क्षेत्र में जाम की भी स्थिति बनी रही। बुध बाजार चौराहा से गुलजारी मल धर्मशाला की ओर आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नई पाइपलाइन बिछाने का काम कर रही एजेंसी के नौशाद अली ने बताया कि सड़क पर ट्रैफिक के चलते जेसीबी नहीं पहुंच पाई थी, जिसकी वजह से पाइप की मरम्मत नहीं कराई जा सकी। रात में पाइप की मरम्मत करा दी जाएगी। ब्यूरो