- रेती स्ट्रीट, पुलिस लाइन समेत कई इलाकों में पीने के पानी को तरसे लोग
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। बारिश के कारण बुधवार सुबह कई इलाकों में पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए। इसके कारण शहर के 12 से ज्यादा क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेती स्ट्रीट, नवाबपुरा, मोहल्ला बाजीगरान, मंडी समिति, दिल्ली रोड, बुद्धि विहार, मंडी चौक, रामपुर रोड समेत कई कॉलोनी में लोगों ने घंटा बिजली कटौती का सामना किया। कई स्थानों पर विद्युत कर्मी देर तक फाल्ट की मरम्मत में जुटे रहे लेकिन बात नहीं बनी। ट्रांसफार्मर खराब होने, फ्यूज उड़ जाने व तार टूटने के कारण बिजली गुल होने से लोगों के घरों के इनवर्टर भी ठप हो गए। बिजली न होने से मोटर नहीं चली और पीने के पानी की किल्लत हो गई। कोतवाली क्षेत्र में टाउन हॉल के पास हाई टेंशन लाइन पर पेड़ की शाखा गिरने से बुध बाजार, मानपुर, टाउन हॉल समेत तहसील स्कूल के आसपास की बिजली भी गुल हो गई। इसी तरह रामपुर रोड स्थित कॉलोनी कबीर नगर में बुधवार सुबह से शाम तक लाइट नहीं आई। देर तक सप्लाई न आने के कारण लोगों ने बिजली घर को फोन मिलाया और कारण पूछा। विद्युत कर्मियों ने बताया कि बड़े फाल्ट होने के कारण सप्लाई सुचारु होने में देर लगेगी। इस बीच लोग विद्युत निगम के कंट्रोल रूम और 1912 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराते रहे। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि कुछ स्थानों पर फाल्ट ठीक करने में देर लगी। दोपहर तक ज्यादातर क्षेत्र में बिजली सुचारू हो गई थी, जहां बड़े फॉल्ट थे वहां विद्युत स्टाफ शाम तक जुटा रहा।