मुरादाबाद। नगर निगम प्रशासन महानगर क्षेत्र में करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराएगा। इसमें 751 लाख रुपये पेयजलापूर्ति पर तथा करीब 570 लाख रुपये ठोस अपशिष्ट (स्वास्थ्य) पर खर्च किए जाने पर बैठक में सहमति के बाद मंजूरी दे दी गई। यह काम नौ वार्डों में होगा। पेयजलापूूर्ति मद में शहर के पाइप लाइन से अछूते क्षेत्रों में जहां पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
वहीं तीन वार्डों में नलकूप रीबोर का काम होगा। कई मोहल्लों की पुरानी व जर्जर हो चुकी पाइप लाइनों को भी बदल कर वहां नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्य के लिए कई उपकरण व वाहनों की भी खरीद का निर्णय लिया गया।
नगर निगम को 15 वें वित्त आयोग निधि की दूसरी किस्त के रूप में 19,07,57,678 रुपये विकास कार्य के लिए प्राप्त हुए हैं। मेयर विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार शाम 15 वें वित्त आयोग निधि की बैठक में इसको लेकर चर्चा की गई। जिसमें जलापूर्ति के लिए निगम द्वारा प्रस्तुत 751.04 लाख रुपये के प्रस्ताव को मूल रूप में पास कर दिया गया। ठोस अपशिष्ट स्वास्थ्य मद में नगर निगम प्रशासन ने 803.68 लाख का प्रस्ताव बैठक में प्रस्तुत किया। इसमें से आंशिक कटौती करते हुए 570 लाख का प्रस्ताव पास कर दिया गया। बैठक में नगर आयुक्त संजय चौहान को भी रहना था, लेकिन कोरोना पॉजिटिव होने के कारण वह बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। उनके स्थान पर अपर नगर आयुक्त द्वितीय अतुल कुमार बैठक में मौजूद रहे। लिहाजा मेयर ने शेष बची धनराशि से नगर आयुक्त के स्वस्थ हो जाने पर शीघ्र ही उनके साथ बैठक करके प्रस्ताव पास करने की बात कही। इस पर सभी सहमत हो गए। बैठक में डीएम के प्रतिनिधि के रूप में एडीएम (सिटी) आलोक वर्मा के अलावा एमडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में नगर निगम द्वारा विभिन्न कार्यों के लिए विभिन्न मदों में 6150.48 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर पेश किया गया था।
000
यहां बिछाई जाएगी नई पाइप लाइन
- वार्ड नंबर 05 भटावली की आंतरिक गलियों में
- वार्ड नंबर 11 धीमरी मैनाठेर आंतरिक गलियों में
- वार्ड नंबर 15 गुलाब बाग की आंतरिक गलियों में
- वार्ड नंबर 20 कांशीराम नगर की आंतरिक गलियों में
- वार्ड नंबर 20 कांशीराम नगर में एफ ब्लॉक की गलियों में
- वार्ड नंबर 23 आफत नगरी की विभिन्न गलियों में
- वार्ड नंबर 27 आजाद नगर की आंतरिक गलियों में
- वार्ड नंबर 51 रहमत नगर व संकल्प स्कूल के आसपास की आंतरिक गलियों में
- वार्ड नंबर 22 कुंदनपुर में
- वार्ड नंबर 61 में भी कार्य होगा
यहां लो प्रेशर व लीकेज होने पर बदली जाएगी पाइप लाइन
- वार्ड नंबर 07 नवीन नगर और अवंतिका की विभिन्न गलियों में
- वार्ड नंबर 28 प्रकाश नगर और प्रेम नगर की विभिन्न गलियों में
- वार्ड नंबर 30 नेता कॉलोनी की विभिन्न गलियों में
- वार्ड नंबर 34 राम गंगा विहार की आंतरिक गलियों में
- वार्ड नंबर 37 एकता कॉलोनी की आंतरिक गलियों में
- वार्ड नंबर 06 बंगला गांव अवर जलाशय से दसवां घाट तक
- वार्ड नंबर 07 नवीन नगर और अवंतिका कॉलोनी में
- वार्ड नंबर 31 जिगर कॉलोनी में मन्नू की दुकन से बंगला गांव पुलिस चौकी तक
बैठक में प्रस्तुत मदवार प्रस्ताव
मद धनराशि (लाख में)
जलापूर्ति 751.04
ठोस अवशिष्ट स्वास्थ्य 803.68
ठोस अपशिष्ट 3695.00
जल संरक्षण, आपूर्ति एवं प्रबंधन 900.76
कुल: 6150.48
--
0000
काउ एंबुलेंस, हाईड्रा मशीन की होगी खरीद
मुरादाबाद। नगर निगम के पास अभी तक काउ एंबुलेंस नहीं है। इसके कारण घायल गोवंशों को बरेली उपचार के लिए भेजने में काफी दिक्कत होती थी। 19.50 लाख रुपये की लागत से काउ एंबुलेंस खरीदने का प्रस्ताव पास किया गया। शहर में 232 नालों में से 38 ऐसे नाले हैं जिनकी सफाई जेसीबी तथा फासिंग मशीन से होती है। नगर निगम के पास अभी तक सिर्फ एक फासिंग मशीन थी, जो क्षेत्र को देखते हुए कम थी। अब 45 लाख रुपये की लागत से एक और फासिंग मशीन खरीदने के निर्णय से इस समस्या का भी समाधान होगा। इसके अलावा एक हाईड्रा मशीन, तीन रोड स्वीपिंग मशीन, फॉगिंग कार्य के लिए नौ छोटे हाथी (पिकप), दो एंटी स्मॉक गन और पांच कवर्ड टिपर ट्रक के खरीद का भी निर्णय लिया गया।
000
यहां होगा नलकूप रीबोर का कार्य
वार्ड-27 आजाद नगर नलकूप द्वितीय, वार्ड-30 जयंतीपुर अवर जलाशय नलकूप, वार्ड-51 करूला नलकूप द्वितीय। इन तीनों कार्यों पर 9355296 रुपये खर्च होंगे।
000
यहां नलकूप मरम्मत का होगा कार्य
महानगर की सीमा के अंतर्गत स्थापित चंद्र नगर, लाकड़ी, गागन, लाकड़ी बाईपास तथा लाइन पार प्रथम अवर जलाशयों, करूला, आजाद नगर, मधुबनी, केजरी कुंज अवर जलाशयों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। दोनों कार्यों पर 18,89,3600 रुपये की लागत आएगी।
000
पेयजल सुधार को यह भी होंगे कार्य
- 396480 रुपये की लागत से नलकूपों के लिए 06 एमएम की 3000 मीटर केबिल की होगी आपूर्ति।
- 1810710 रुपये की लागत से 20 अश्व शक्ति क्षमता के 15 और 1997268 रुपये की लागत से 35 अश्व शक्ति क्षमता के 10 सबमर्सिबल की होगी खरीद।
- जलकल विभाग के लिए 3156500 रुपये की लागत से पांच नग पानी के टैंकरों की होगी आपूर्ति।
--
000
नगर निगम को 15वें वित्त आयोग निधि की द्वितीय किस्त के रूप में 19,07,57,678 रुपये प्राप्त हुए हैं। इससे शहर की पेयजल व्यवस्था पर 751 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन कई मोहल्लों में पाइप लाइनें बिछाई जाएंगी जहां पहले से नहीं थीं। सफाई समेत अन्य आवश्यक संसाधनों की भी खरीद की जाएगी।
विनोद अग्रवाल, महापौर