मुरादाबाद। मानसरोवर कॉलोनी स्थित तरणताल, ऑडिटोरियम आदि को आगे लीज पर देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कॉलोनी के लोग अब संबंधित भवन में संचालित की जा रही व्यवसायिक गतिविधियों बार लाइसेंस और अवैध पार्किंग से हो रही दिक्कतों को लेकर सोमवार एसएसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे।
कॉलोनी के लोग तरणताल, ऑडिटोरियम को लीज पर देने का विरोध पहले से ही कर रहे हैं। इस संबंध में वह मंडलायुक्त और वीसी को पहले ज्ञापन भी दे चुके हैं। हालांकि कमिश्नर और वीसी की ओर से अभी इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है, लेकिन इसी बीच कॉलोनी के लोगों ने अब लीज पर दिए गए भवन में संचालित की जा रही व्यवसायिक गतिविधियों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मानसरोवर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव डॉ. संजीव यादव ने बताया कि भवन में अवैध तरीके से बार का लाइसेंस प्राप्त किया गया है। कॉलोनी के मध्य होने तथा आसपास विद्यालय होने के कारण लोगों को इससे काफी असुविधा होती है। इसके अलावा भवन में संचालित बैकटहॉल में पार्टी आदि के दौरान पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क के दोनों ओर और कॉलोनी की सड़क पर खड़ा कर देते हैं। इससे कॉलोनी के लोगों को काफी दिक्कत होती है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी कॉलोनी के लोग इसकी शिकायत पहले कर चुके हैं। लेकिन कुछ हुआ नहीं। उन्होंने बताया कि सोमवार को कॉलोनी के लोग एसएसपी कार्यालय पहुंच कर एसएसपी से मुलाकात करेंगे तथा उन्हें ज्ञापन देंगे। जिसमें बार लाइसेंस को निरस्त किए जाने और अवैध पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की जाएगी। इसके अलावा मंगलवार को कॉलोनी के लोग वीसी से मुलाकात कर उनसे पुन: कार्रवाई की मांग करेंगे।
--