मुरादाबाद। दोपहर दो बजकर 52 मिनट पर मंगलवार को शहर में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। जो जहां था वह वहीं चौंक कर ठहर गया। कई स्थानों पर लोग घर, प्रतिष्ठानों, दुकानों से बाहर निकल कर सड़कों पर आ गए। जिला अस्पताल में भर्ती मरीज सहम गए। जिले में भूकंप से किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
लोगों ने एक दूसरे को फोन कर भूकंप की जानकारी दी और कुशलता पूछी। दिल्ली रोड, मानसरोवर कॉलोनी, जिगर कॉलोनी, मिलन विहार, लाइनपार विकासनगर में लोग अपने घरों से बाहर निकलकर एकत्र हो गए। केजीके होम्योपैथिक कॉलेज के छात्रावास से विद्यार्थी और कंपोजिट विद्यालय गंज से शिक्षक व बच्चे बाहर निकल आए। मानसरोवर कॉलोनी निवासी सुनील कुमार का कहना है कि उनका घर चार मंजिला है। जब भूकंप आया तो वे बच्चों के साथ तीसरी मंजिल पर थे। झटके महसूस होते ही वे बच्चों को लेकर ग्राउंड फ्लोर पर आ गए। मानसरोवर कॉलोनी में भी लोग काफी देर पार्क में खड़े रहे।
उधर, केजीके होम्योपैथिक कॉलेज के छात्रावास में विद्यार्थी आपस में चर्चा कर रहे थे। भूकंप आया तो अपने अपने कमरों से मैदान में एकत्र हो गए। हालांकि गनीमत रही कि भूकंप के कारण किसी भी स्थान पर जान माल की हानि नहीं हुई। ग्रीन ऑर्चिड कॉलोनी के मालिक सुशांत ने बताया कि भूकंप आया तो वह कॉलोनी की सोसाइटी के कार्यालय में थे। टेबल, कुर्सी व अन्य सामान हिलने लगा तो भूकंप का एहसास हुआ। कॉलोनी में बहुमंजिले फ्लैट में रहने वाले लोग तुरंत नीचे उतर आए। बुद्धि विहार सेक्टर दो निवासी विजय शर्मा ने बताया कि कालोनी में भूकंप का हल्ला मचा तो वे और अन्य सभी लोग बाहर आ गए। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि भूकंप से किसी नुकसान की कोई सूचना नहीं है।