मुरादाबाद। नागफनी थाने के पास फल विक्रेता समीर का लोगों ने प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद ही लोग शांत हुए और शव का सुपुर्दे खाक किया। उधर, पुलिस ने नामजद दो नाबालिग आरोपियों को राजकीय संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।
नागफनी थाना क्षेत्र के झारखंड़ी मंदिर नवाबपुरा निवासी समीर पुत्र नदीम घर के सामने ही फल का ठेला लगता था। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर से कुछ दूरी पर रहने वाले दो भाई दुकान से कपड़े खरीदने आए थे। इसी दौरान समीर ने ठेले के सामने से हटने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों का समीर का विवाद हो गया था। आरोप है कि उन्होंने समीर की पिटाई कर दी थी। जिसमें समीर घायल हो गया था। परिजन समीर को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पिता की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या में केस दर्ज कर लिया गया था।
नागफनी पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शव थाने के पास रख दिया और पिटाई करने वालों में नाबालिग भाइयों के साथ ही अन्य आरोपियों के शामिल होने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी ने लोगों को समझाया कि घटना में जो भी लोग शामिल रहे हैं। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद लोग शांत हो गए। इसके बाद शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
थाना प्रभारी जयपाल ग्वाल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी नाबालिग हैं। उन्हें किशोर न्यायालय बोर्ड में पेश किया गया, जहां से दोनों को राजकीय संप्रेक्षण गृह में भेज दिया गया है। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
-
फेफड़ा फटने से हुई थी फल विक्रेता
शनिवार शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। जिससे पता चला है कि समीर के साथ मारपीट की गई थी। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। समीर का फेफड़े के फटने के कारण उसकी मौत हुई थी।