पाकबड़ा। सीए श्वेताभ तिवारी और कारोबारी कुशांक गुप्ता हत्याकांड के आरोपी केशव सरन शर्मा की हिस्ट्रीशीट खोलने के लिए पाकबड़ा पुलिस ने रिपोर्ट तैयार करके अनुमोदन के लिए अधिकारियों को भेज दी है। उसके आपराधिक रिकार्ड की जानकारी पुलिस जुट रही है। अभी तक उस पर दो हत्याओं समेत छह मामलों की जानकारी पुलिस को हुई है।
15 फरवरी की रात को महानगर के सीए श्वेताभ तिवारी को उनके कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले करीब 14 माह पहले पूर्व में स्पोर्ट्स कारोबारी कुशांक गुप्ता की उसकी दुकान के अन्दर गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने दोनों हत्याकांडों का खुलासा करते हुए केशव सरन शर्मा निवासी गिदौड़ा थाना पाकबड़ा और पूर्व ब्लॉक प्रमुख लालित कौशिक समेत दो अन्य को हत्या में आरोपी बनाया था। हत्या में शूटर केशव सरन शर्मा है। पुलिस ने अब उसकी हिस्ट्रीशीट पाकबड़ा थाने में खोलने की तैयारी कर दी है। पुलिस ने अभी तक उस पर आधा दर्जन मुकदमों की जानकारी जुटा ली है। सभी मुकदमों की रिपोर्ट तैयार करके हिस्ट्रीशीट खोलने की अनुमति पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांगी गई है। एसएसपी हेमराज मीणा ने बताया की केशव सरन शर्मा की हिस्ट्रीशीट पाकबड़ा थाने में खोली जा रहा है जिसकी पत्रावली तैयार कर ली गई है।