फोटो 1 ठाकुरद्वारा नगर में कदीर तिराहे पर ओवरलोड गन्ना ट्रक से लगा जाम संवाद
ठाकुरद्वारा। नगर में सोमवार को स्योहारा मार्ग पर तिकोनिया कदीर तिराहा रोड पर पूरे दिन ओवरलोड गन्ने के ट्रकों से जाम लगा रहा। लोगों को वहां से गुजरने में परेशानी हुई। इस समय बड़ी संख्या में शुगर मिल के गन्ने के ओवरलोड ट्रक और टिपलर चल रहे हैं जो सड़कों को जाम कर रहे हैं। यह ट्रक इतनी धीमी गति से चलते हैं कि आसपास के वाहन भी उनसे बचने के लिए रुक जाते हैं। उनके बीच सड़क पर चलने के कारण दोनों साइड का ट्रैफिक रुककर जाम हो जाता है। इन ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं नगर के बाजारों में भी ई रिक्शा और अतिक्रमण के कारण जाम लग रहा है। सड़कों पर जाम होने का मामला रविवार को तहसील कोतवाली में हुई गोष्ठी में भी उठाया गया था। इस संबंध में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार का कहना है की पुलिस समय-समय पर चेकिंग के दौरान ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करती रहती है।