मुरादाबाद। रामगंगा विहार चौकी प्रभारी राजवेंद्र कौर की कार शनिवार की रात एक साइकिल सवार को बचाते समय पलट गई। इस हादसे में वह घायल हो गईं। घायल चौकी प्रभारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी, एसपी सिटी भी चौकी प्रभारी का हाल जानने के लिए पहुंचे थे। एसएसपी हेमराज मीणा के आदेश पर शनिवार की रात सभी पुलिसकर्मी गश्त कर रहे थे। राम गंगा विहार चौकी की प्रभारी राजवेंद्र कौर भी कोहरे के बीच कार से जा रही थीं। अचानक सामने एक साइकिल सवार आ गया, जिससे कार पलट गई, लेकिन कार का एयरबैग खुलने से उनकी जान बच गई। सिविल लाइन थाना प्रभारी राम प्रसाद शर्मा का कहना है कि विभाग के अधिकारी भी अचानक हुई घटना से परेशान हो गए।