पीतलनगरी शुक्रवार को योगमय रही। शहर, कस्बे और गांवों में लोगों ने योगाभ्यास किया। विश्व योग दिवस पर जगह-जगह योग शिविर लगाए गए थे। शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने परिजनों के साथ प्रतिभाग किया।
महिलाओं और बच्चों में भी योगाभ्यास के प्रति जबरदस्त उत्साह था। छतों से लेकर पार्कों तक योग क्रियाएं हुईं। योग प्रशिक्षक योग वेलनेस सेंटर टाउन हॉल मुरादाबाद आयुष विभाग गौरव त्यागी ने बताया कि शासन के निर्देश पर सभी सरकारी विभाग, गैर सरकारी संस्था, स्वयं सेवी संस्था, गली-मोहल्लों-पार्को, युवक मंगल दल, एनसीसी, एनएसएस, माध्यमिक शिक्षा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा संस्थान, पुलिस, पीएसी, रेलवे, नगर पंचायत, नगर पालिका और ग्राम पंचायतों में करीब 3256 स्थानों पर एक लाख 52 हजार 622 लोगों ने योगाभ्यास किया है।