मुगलपुरा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पान दरीबा कंबल का ताजिया मोहल्ला निवासी कामिल (39) पुत्र मोहम्मद जान की मोहल्ले में ही कबाड़ की दुकान है। बताया जा रहा है कि कामिल सोमवार सुबह दुकान पर बैठा था। इसी दौरान एक युवक पुराना फ्रिज बेचने आया। कामिल ने कबाड़ में फ्रिज खरीद लिया और उसे तोड़ने लगाया। सुबह करीब ग्यारह बजे फ्रिज तोड़ते समय उसका कंप्रेशर फट गया। जिसकी चपेट में आकर कामिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज आवाज के साथ कंप्रेशर फटा तो आस-पड़ोस के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में परिजन भी आ गए। परिजन उसे लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचे, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं। कामिल के चार बड़े भाई साबिर, आलम, सलीम और फाजिल हैं। बताया जा रहा है कि छह साल पहले कामिल की शादी हुई थी। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि कामिल रोजे में था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।