मुरादाबाद। त्योहार के मौके पर चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में किराया सामान्य से लगभग डेढ़ गुना ज्यादा है। इसके बावजूद ये ट्रेनें अपने समय से तीन घंटे देरी से स्टेशनों पर पहुंच रही हैं। होली से अब तक ट्विटर पर इन ट्रेनों के देरी से चलने की तमाम शिकायतें मौजूद हैं। रेलवे प्रशासन यात्रियों को खेद जताने के अलावा कोई मदद नहीं दे पा रहा है। इसका कारण है कि पहले ही 150 से ज्यादा सामान्य ट्रेनें ट्रैक पर हैं। इसके अलावा मालगाड़ियों का ट्रैफिक काफी है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों को ट्रैक क्लीयर न होने के कारण रास्ते में खड़ा रहना पड़ा।
शुक्रवार को मुजफ्फरपुर से आनंदविहार के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन (04047) को चंदौसी स्टेशन पर शाम 6:50 बजे पहुंचना था। जबकि यह ट्रेन रात 9:40 बजे पहुंची। इसी तरह मुरादाबाद पहुंचने का इसका समय रात 8:20 निर्धारित था। जबकि यह ट्रेन रात 11:15 के बाद पहुंची। इसके अलावा (05528) अमृतसर-दरभंगा स्पेशल एक्सप्रेस एक घंटा, (04652) जयनगर-अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस सवा घंटा, (05005) गोरखपुर-आनंदविहार स्पेशल एक्सप्रेस 40 मिनट, (04011-12) वाराणसी-श्री माता वैष्णो देवी स्पेशल एक्सप्रेस एक घंटा देरी से पहुंची। बृहस्पतिवार को (04059) जयनगर-अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस मुरादाबाद स्टेशन पर 9 घंटे लेट पहुंची थी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि तकनीकी खामियों के कारण ट्रेनों का समय प्रभावित हुआ। समय से संचालन के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
एक घंटा आउटर पर खड़ी रही जनशताब्दी
ट्विटर पर यात्रियों ने आपत्ति जताई कि शुक्रवार को पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस बरेली स्टेशन के पास आउटर पर एक घंटा खड़ी रही। ट्रेन पहले ही बरेली स्टेशन पर चार घंटे देरी से पहुंची थी। रोहित पाल, दुर्विजय सिंह आदि कई परीक्षार्थियों को इस ट्रेन से दिल्ली परीक्षा देने जाना था। उन्होंने ट्विटर पर कई बार शिकायत की। तब जाकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
साधारण व स्पेशल ट्रेनों के किराये पर नजर
स्थान साधारण किराया स्पेशल ट्रेनों में किराया
मुरादाबाद से आनंदविहार 135 355
मुरादाबाद से दरभंगा 430 620
मुरादाबाद से अमृतसर 315 445
मुरादाबाद से वाराणसी 330 455
मुरादाबाद से पटना 420 580