मुरादाबाद। जिले में 37 दिन बाद फिर कोरोना संक्रमण से मौत का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात 70 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। इससे पहले 21 जून को 67 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हुई थी। वहीं, एक बालक समेत पांच और संक्रमित मरीज मिले हैं। चिकित्सकों के अनुसार चार मरीज परिजनों के संक्रमित होने के बाद कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। सीएमओ के अनुसार जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 68 हो गई है।
रामगंगा विहार निवासी 70 वर्षीय महिला बुधवार को कोरोना संक्रमित मिली थीं। चिकित्सकों के अनुसार वह मधुमेह रोगी थीं और कई दिन से बुखार आ रहा था। उन्होंने अपने स्तर से ही कोरोना संक्रमण की जांच करवाई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें दवाइयां दे दी थीं। बुधवार देर रात उन्हें हार्ट अटैक हुआ। परिजन उपचार के लिए कहीं ले जाते, उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें वैक्सीन की तीनों डोज लग चुकी थीं। अवंतिका कालोनी निवासी 68 वर्षीय महिला के पति कोरोना संक्रमित हो गए हैं। बुधवार को महिला ने भी अपनी जांच करवाई और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मझोला निवासी एक वर्षीय बालक भी कोरोना संक्रमित मिला है। इससे पहले उसके पिता कोरोना संक्रमित रहे हैं। 30 वर्षीय एक डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव है। बुधवार को उनके यहां एक बालक मरीज संक्रमित मिला था। इस वजह से चिकित्सक ने भी अपनी जांच करवाई थी। इसके अलावा पुलिस अकादमी की सीओ पूनम मिश्रा कोरोना पॉजिटिव हैं। इससे पहले उनके पति संक्रमित हुए थे। पूनम मिश्रा के गले में दर्द की समस्या हो रही थी। जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, प्रिंस रोड निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित हैं, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ होने की वजह से स्वास्थ्य विभाग की टीम संपर्क नहीं कर पाई। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि लगभग सभी कोरोना संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है। मरीजों को घर पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए, ताकि उनके परिजन सुरक्षित रह सकें।