मुरादाबाद। रेल मंडल के बरेली जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक के केबिन में गुरुवार को मारपीट हुई थी। जिसके बाद शुक्रवार को स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह व स्टेशन मास्टर रविंद्र कुमारए तथा अशोक पांडे को जवाब देने के लिए डीआरएम कार्यालय मुरादाबाद बुलाया गया। जहां दोनों स्टेशन मास्टरों को स्टेशन अधीक्षक से मारपीट करने के लिए आरोप पत्र दिया गया है। जवाब देने के लिए दोनों को पंद्रह दिन का समय मिला है। गौरतलब है कि गुरुवार को ज्ञापन न लेने के विरोध में स्टेशन अधीक्षक से मारपीट की गई थी। यह मामला जीआरपी बरेली ने दर्ज कर लिया है। सीनियर डीओएम नवीन कुमार ने बताया कि यदि वरिष्ठ अधिकारी से कोई शिकायत है तो उसे नियमानुसार प्रबंधक अधिकारी के पास दर्ज कराया जा सकता है। चूंकि दोनों स्टेशन मास्टरों ने अनुशासनहीनता की है। इसके लिए उन्हें आरोप पत्र देकर 15 दिन में जवाब मांगा गया है। यदि इस समयावधि में जवाब नहीं मिला तो दोनों को दोषी मानकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।