बिलारी। राजस्व लेखपालों की लापरवाही पर तहसील अधिकारी सख्त होने लगे हैं। शुक्रवार को संबद्धीकरण आदेश का पालन न करने वाले एक लेखपाल को तहसीलदार ने नोटिस जारी कर दिया। जबकि अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर एक अन्य लेखपाल से जवाब तलब किया गया है।
तहसील के लेखपाल ललित गौतम को विरासत दर्ज करने में देरी के आरोप में लगभग छह माह पहले एसडीएम द्वारा निलंबित कर दिया गया था। बाद में लेखपाल को तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग से संबद्ध कर दिया गया था। लेखपाल पर आरोप है कि उसने संबद्धीकरण आदेश का पालन नहीं किया और रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई। तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार सिंह ने लेखपाल ललित गौतम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। उधर आरोपी लेखपाल का कहना है कि रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग में कर्मचारियों का उपस्थिति रजिस्टर ही नहीं है। ऐसे में वह अपनी प्रतिदिन की उपस्थिति कहां दर्ज करें।
तहसील के बरेठा खिदरपुर हल्के पर तैैनात लेखपाल सचिन वर्मा को भी तहसीलदार ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। लेखपाल पर आरोप है कि उसने विभागीय उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की है। उधर तहसीलदार ने स्वामित्व योजना की लक्ष्यपूर्ति में पिछड़ने वाले कई लेखपालों को चेतावनी भी दी है। तहसीलदार ने बताया कि सभी लेखपालों को मृतक कृषकों की विरासत निर्धारित समय सीमा में दर्ज करने और ग्राम समाज भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ बेदखली और जुुर्माना की कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।