मुरादाबाद। ग्राम पंचायत समदा चतुर्भुज की प्रधान कांति देवी द्वारा वहां नियुक्त पंचायत सहायक रानी के मानदेय का भुगतान दिसंबर 2021 से न करने के मामले में डीएम ने प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज करने की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत समदा चतुर्भुज में रानी की नियुक्ति पंचायत सहायक के पद पर हुई है। बताया जाता है कि नियुक्ति के बाद से ही प्रधान और पंचायत सहायक में कार्य व्यवहार को लेकर आपस में बन नहीं रही है। इस मामले को लेकर प्रधान द्वारा पंचायत सहायक के मानदेय भुगतान के लिए डिजिटल हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे हैं। जिससे पंचायत सहायक का भुगतान नहीं निकल रहा है। डीपीआरओ ने भी जांच में पाया कि प्रधान द्वारा जानबूझकर पंचायत सहायक का भुगतान दिसंबर 2021 से नहीं किया गया है। डीपीआरओ की इस रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने प्रधान कांति देवी को लंबित भुगतान के लिए उत्तरदायी माना। डीएम ने इस मामले में प्रधान कांति देवी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिसमें तत्काल पंचायत सहायक के लंबित मानदेय का भुगतान कराते हुए एक सप्ताह में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है।