ठाकुरद्वारा। क्षेत्र के सपा विधायक नवाब जान खां के फर्जी लेटर पैड को इजतिमा रुकवाने में इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस की जांच 20 दिन बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। पुलिस को विधायक का फर्जी लेटर पैड सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले पहले व्यक्ति की तलाश है। नगर में 26 और 27 नवंबर को इजतिमा का आयोजन होना था लेकिन किसी अज्ञात व्यक्ति ने क्षेत्र के सपा विधायक नवाब जान खां का फर्जी लेटर पैड इस्तेमाल इस्तेमाल किया और उसे विधायक की छवि धूमिल करने के लिए एसएसपी को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस संबंध में विधायक ने कोतवाली ठाकुरद्वारा के प्रभारी निरीक्षक और एसएसपी को तहरीर भेज कर छवि धूमल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार का कहना है कि अभी जांच पूरी नहीं हुई है। उधर विधायक नवाब जान का कहना है कि पुलिस ने फर्जी लेटर पैड वायरल करने वाले काफी लोगों का पता लगा लिया है। विधायक को उम्मीद है कि पुलिस जल्द मुख्य आरोपी का पता लगा लेगी।